नवरात्रि पर ऐसे सजाएं घर
नवरात्रि आने को है और जाहिर सी बात है कि ऐसे में आप भी तो यही चाहती होंगी कि आपका घर सजा संवरा रहे, क्योंकि जहां इन नौ दिनों में आपने मां दुर्गा की पूजा करनी है, वहीं आपके घर पर मेहमानों का भी तो आना-जाना लगा रहेगा। अच्छी तरह सजा हुआ घर आपके त्यौहार के मूड को अधिक बढ़ा देता है। यदि आप नौकरी भी करती हैं, तो आपके पास घर की सजावट के लिए वक्त भी कम ही होगा, ऐसे में आप हर रोज कुछ एक्स्ट्रा समय अपने घर को दें।
कामों को बांट दें
नवरात्रि पर आपके पास बहुत से काम होते हैं, जैसे घर की साफ सफाई, घर को सजाना, मुख्य द्वार पर तोरण लगाना, रंगोली बनाना, व्रत के व्यंजन बनाना, मित्रों और रिश्तेदारों को बुलाना इत्यादि और अकेले ये सब काम कर पाना संभव नहीं होता, अत: कामों की एक सूची बनाएं तथा उसे सबके बीच में बांट दें। जो काम पूरा होता जाए, उसे मार्क कर दें।
जल्दी काम करें
एक ही दिन में एक काम करने की आदत ना डालें, चूंकि आपके पास करने के लिए बहुत सारे काम है और समय बहुत कम है, इसलिए केवल एक काम पर ही पूरा समय खर्च न करें। कामों को जल्दी-जल्दी निबटाने का प्रयास करेंगी, तभी नवरात्रि तक स्वयं को तथा घर को सजा संवार कर तैयार कर पाएंगी।
समय सीमा निश्चित करें
आज आपको अपना बेडरूम ठीक करना है, जिसमें झाड़ू लगाना, सफाई करना, पर्दे, चादर और तकिये के कवर बदलना आदि शामिल है। एक बार जब आप समय सीमा निर्धारित कर लेती हैं, तो आप उसे पूरा करने के लिए अधिक मेहनत करती हैं।
बाथरूम पर ध्यान दें
सारे घर की सफाई हो जाती है, परंतु बाथरूम और वॉशरूम कहीं उपेक्षित सा छूट जाता है, अत: इसकी भी प्रॉपर सफाई करें। जमीन को साफ करें, अलमारियों और आईनों को साफ करना न भूलें, क्योंकि इन दिनों आपके यहां बहुत से मेहमान भी आएंगे, जब आप टॉयलेट की सफाई कर लें, तो वहां एक टॉयलेट फ्रेशनर टांग दें, ताकि वातावरण सुगंधित बना रहे।
किचन की साफ सफाई करना न भूलें
आखिरकार यही वह जगह है जहां आप नवरात्रि के लिए स्वादिष्ट व्यंजन बनाएंगी। इसके अलावा इसे साफ सुथरा रखना भी जरूरी है। अलमारियां साफ करें, ओवन की सफाई करें, किनारों के ऊपरी भाग की सफाई करें।
मंदिर सजाएं
अपने घर में बने मंदिर को साफ कर के अच्छी तरह से सजाएं, रंगीन पर्दों, लडिय़ों, फूलों और लाईटस से उसे डेकोरेट करें। मां दुर्गा की मूॢत को लाल रंग के नए वस्त्र पहना कर उनका पूरा श्रृंगार करें।
सजावट अवश्य करें
घर को सजाने के लिए अपनी रचनात्मकता का उपयोग करें तथा अपने परिवार के सदस्यों की सहायता से अपने घर को फूलों, वंदनवार, सजावट के सामानों और लाईट्स आदि से सजाएं तथा अपने जीवन और घर में समृद्धि और आनंद लाने के लिए तैयार हो जाएं।
हेमा शर्मा



Comments
Post a Comment