सज उठे पूजा की थाली

नवरात्रि में पूजा की थाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि थाली भी बेहतरीन ढंग से सजा कर पूजा की जाए, तो पूजा एवं त्यौहारों का मजा दोगुना हो जाता है और ऐसी सजी-संवरी थाली को देख कर हर किसी का मन पुलक उठता है।

- यदि आपको पूजा के लिए कलात्मक थाली सजाने की इच्छा है, तो एक स्टील की थाली ले कर, पेंट कर के उस पर विभिन्न प्रकार के वर्क किए जा सकते हैं। वैसे आजकल ट्रेडिशनल वर्क का प्रचलन अधिक है। चाहें तो कोन में ऑयल पेंट भर कर भी थाली पर मनचाहा डिजाइन भी बना सकती हैं।

उसके बीच-बीच में कांच चिपका कर उसे और आकर्षक बना सकती हैं या फिर कुंदन, स्टोन, जरदोजी, सितारे आदि लगा कर भी अलग तरह का वर्क किया जा सकता है। अपनी कल्पना शक्ति को यूज कर आप थाली को मनचाहा डिजाइन प्रदान कर सकती हैं।

- यदि पत्ती, फूल या किसी विशेष आकार वाली थाली घर में हो, तो सजावट की खास जरूरत नहीं। बस इतना ध्यान रखें कि ऐसी थाली में मिठाई सफेद तथा फूल यदि पीले रंग के हों, तो क्या बात है।

- वेलवेट पेपर को थाली के अंदर के माप के अनुसार गोलाकार काट कर थाली के अंदर चिपका दें। कटोरियों को मनचाहे रंगों में रंगें। थाली के बीच में चौकोर कटोरी रखें और उसके चारों तरफ  गोल कटोरियां रख दें। थाली के चारों ओर थर्माकोल बॉल्स एक-एक इंच की दूरी से चिपका दें। कटोरियों पर मोती की लड़ी चिपका दें। बीच वाली कटोरी पर छोटा सा नारियल खड़ा कर के रखें। बाकी कटोरियों में हल्दी, कुमकुम, चावल एवं मिठाई आदि रखें। लीजिए तैयार है मनमोहक और पारंपरिक पूजा की थाली।


- रचनात्मक थाली के लिए केन यानी बांस की थाली लें तथा इसमें मनपसंद कपड़ा लगाएं तथा नन्हे सितारे जड़ दें। किनारों पर गोटा या सुनहरी बेल लगा कर उस पर मोती चिपका दें।

अब इसमें टेराकोटा की छोटी-छोटी मटकियां रखें, इन मटकियों को पहले से सुनहरा पेंट कर के इन पर कुंदन 
चिपका दें। मटकियों में रोली, अक्षत और मिश्री रखें। प्रतीकात्मक नारियल के पास आसीन करें, थाली में टेराकोटा की लक्ष्मी और गणेश स्थापित करें।

- पूजा की कांसे की थाली ले कर उस पर पीले और हरे रंग का कपड़ा या मनचाहे रंग के कपड़े को चिपकाएं। थाली के किनारे पर गणेश की तस्वीर चिपकाएं। दो कटोरियों में रोली-चावल रखें और अब इसमें पूजा का सामान रख लें।

- गोल्ड या सिल्वर फिनिश वाली थाली में घुंघुरू लगे हों, तो क्या बात है। इसमें कांसे और पीतल के कुछ बर्तन जैसे कि कांसे के कसोरे और पीतल का कलश एवं नन्हे नारियल को रखें।

- यदि आप टेराकोटा की शौकीन हैं, तो ऐसी थाली आपके पास जरूर होगी जिसके किनारे कंगूरेनुमा हों। इसे त्योहार के रंग में रंग दें, बीच में छत्र वाले गणेश जी बैठा दें। टेराकोटा के कसोरों में रोली, अक्षत और मिश्री रख कर मां दुर्गा की अगवानी करने को तैयार हो जाएं।

- पान से सजी थाली बनाने के लिए पान के चार-पांच पत्ते लें। इन पत्तों को उल्टा करके उसकी गहरी धारियों पर सफेद स्पार्कल ट्यूब से लाइन बनाएं। अब स्पार्कल वाली धारियों के बीच-बीच में रंग-बिरंगे कुंदन चिपकाएं। चाहें तो सितारे या मोती भी चिपका सकते हैं। तैयार पानों को पूजा की थाली में सजा कर रखें।

- चांदी की थाली इस्तेमाल करना चाहें, तो उसे यूं सजाएं, अंडाकार थाली में दो चांदी की डिबियां रखें। इनमें से एक में रोली-चावल का सामान और एक में सूखे मेवे रखें। इस सजावट को राजसी पुट देने के लिए जरूरत है, एक नन्हे सिहांसन पर विराजमान लक्ष्मी-गणेश और नारियल रखें।

- थाली पर मेहरून वेल्वेट चिपकाएं, अखरोट के छिलकों को आधा कर के गोल्डन पेंट कर थाली के किनारों पर चिपकाएं। थाली के बीच में पांच छिलके का गहरा हिस्सा ऊपर की तरफ  रख कर चिपकाएं। इनमें तेल-बाती, हल्दी, कुमकुम, चावल और रोली भरें, आकर्षक थाली तैयार है।

- चांदी सी थाली के लिए एल्यूमीनियम फॉइल को क्रश कर के सीधा कर के थाली पर चिपका दें। पिसी ब्रेड में लाल रंग, फेवीकॉल एवं पानी डाल कर गूंथे। इसके छोटे गुलाब बना लें। थाली की किनारी पर गुलाब के पौधे की ताजी पत्तियां तीन-तीन के सेट से थोड़ी-थोड़ी दूरी पर चिपका कर गुलाब चिपकाएं, बीच में अक्षत, रोली, नारियल, मिठाई और दीपक रखें।

                              हेमा शर्मा

Comments

Popular posts from this blog