mothers day


            मां को दें मदर्स डे पर कुछ इस तरह का तोहफा


मां..., जो हम सब के इतना करीब होती है, जीवनभर हमें मां कुछ ना कुछ देती ही रहती है और बदले में हमसे कुछ भी नहीं चाहती है। ऐसे में मदर्स डे पर दिल करता है कि मां को कुछ ऐसा उपहार में दिया जाए, जिसे पा कर वह भी निहाल हो उठे। वास्तव में आज अपनी मां के साथ बिताने के लिए बहुत कम लम्हे युवाओं को मिल पाते हैं, अपनी पढ़ाई और करियर में उलझे वे युवा जो शहर से बाहर रहते हैं वही नहीं, बल्कि मां के साथ रहने वाले युवा भी बहुत कम अपना वक्त सही मायने में मां के साथ सांझा कर पाते हैं। तो इस बार कुछ ऐसा किया जाए कि मां के लिए मदर्स डे कुछ खास बन जाए।
कुछ पल ही सही, पर उन्हें ढेर सारी खुशियां मिल जाएं, इस दिन उन्हें उपहार, फूल एवं चॉकलेट देने के अलावा भी आप कुछ ऐसा कर सकते हैं, जो कि आपकी मां के चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान ले आएगा।

उनके लिए बनाएं नाश्ता

हर रोज तो मां ही आपके लिए नाश्ता तैयार कर के आपको स्कूल, कॉलेज या ऑफिस भेजती है, चूंकि इस दिन रविवार होता है तथा छुट्टी भी होती है, तो उस दिन आप मां के उठने से पहले ही उनके लिए अपने हाथों से चाय एवं नाश्ता तैयार कर लें। एक अरसे के बाद गर्मा-गर्म नाश्ता करना उन्हें खुशी से भर जाएगा।

घर सजाएं

घर की साफ सफाई की जिम्मेवारी तो मां की ही होती है, परंतु आप चाहें तो इस दिन घर की साफ सफाई कर के उसे स्पेशल डे के लिए डेकोरेट भी कर दें। आप घर को फ्लॉवर्स, रंगोली, मां की कोटेशन वाले पोस्टर्स आदि से सजा सकते हैं। यही नहीं इस दिन बेड कवर्स, सोफा कवर्स एवं कुशन कवर्स इत्यादि मां के फेवरट कलर वाले यूज कर उन्हें एक स्पेशल फील दे सकते हैं।

तस्वीरों का कोलाज

अपनी मां की कुछ चुनिंदा लेकिन खूबसूरत फोटोग्राफ्स का कोलॉज बनवा कर फ्रेम करवा लें तथा मदर्स डे पर उन्हें गिफ्ट करें, यकीन मानें कि बहुत सी तस्वीरें तो उन्हें पुरानी यादों की ओर ले जाएंगी। ऐसा गिफ्ट हमेशा उनकी आंखों के सामने ही रहेगा तथा उनके लबों पे मीठी मुस्कान सजाता रहेगा।

आउटिंग पर जाएं

जरा सोच कर देखें कि मां को अपने लिए वक्त कहां मिल पाता है, सो मदर्स डे को पूरी तरह से उनका बना दें। आप उन्हें पिकनिक पर ले जा सकते हैं, मॉल में शॉपिंग के लिए ले जा सकते हैं या फिर कोई मूवी दिखाने ले जा सकते हैं। यदि वह किसी और जगह जाना चाहती हैं, तो उन्हें आप वहां भी ले जा सकते हैं, ताकि वह इस दिन को अपने ढंग से इंजॉय कर सकें। इससे जहां वह आपके साथ पूरा दिन गुजारेंगी, वहीं वह रिलैक्सड भी महसूस करेंगी।

उपहार जो आए काम

मदर्स डे पर आप अपनी मां को कुछ ऐसा उपहार दें, जो कि हमेशा उनके काम आए। आप उन्हें कोई डिजाइनर सूट सा साड़ी दे सकते हैं, उनकी पसंद की फिल्मों का सीडी सेट दे सकते हैं, आप उन्हें किचन एप्लांयसेस भी गिफ्ट कर सकते हैं, आप उन्हें ज्यूलरी भी उपहार में दे सकते हैं या फिर उनके नाम कुछ पैसों की एफडी भी करा सकते हैं, जो कि बुरे समय में उनके काम आएगी।
                                                हेमा शर्मा

Comments

Popular posts from this blog