जिंदगी में ये दोस्त भी जरूरी
मुसीबत में जब कोई साथ नहीं देता, तो दोस्त ही बढ़ कर हाथ थाम लेते हैं और दिल को राहत पहुंचती है कि जीवन में ऐसे दोस्त भी हैं, जिन पर आप भरोसा कर सकती हैं। कई बार ऐसा भी होता है, जब हर कोई साथ छोड़ देता है, यहां तक कि दोस्त भी साथ नहीं निभाते, तो ऐसे समय के लिए अभी से कुछ दोस्त बना लें, जो आप को उस समय निराशा की दलदल से बाहर निकाल लाएंगे और जिंदगी नए सिरे से जीने की राह दिखाएंगे, ताकि आप नई शुरूआत कर फिर से गीत सुहाने गा सकें।
आइए हम आप को बताते हैं कि ये कौन से दोस्त हैं, जिन से दोस्ती करने पर ये कभी भी साथ नहीं छोड़ते हैं।
- खिले-खिले फूल हमेशा ही मन को खुशी देते हैं, सो फूलों से दोस्ती करें, ताकि हमारी जीवन बगिया महकती रहे। आप घर पर फूलों के पौधे लगाएं तथा किसी भी उपवन में रोज कुछ देर टहलने अवश्य जाएं।
- पक्षियों से दोस्ती करेंगी तो उनकी चहचहाट से आपका जीवन भी चहकता रहेगा, सो चाहे तो बर्ड वाचिंग करें और चाहे पक्षियों को दाना डालें। नील गगन में उडऩे वाले ये पंछी हमेशा आप को अपने साथ चलते नजर आएंगे।
- रंगों से दोस्ती करने पर सारी दुनिया इंद्रधनुषी लगने लगेगी। आप चाहें तो पेंटिंग को अपना शौंक बनाएं और चाहे इंब्रायडरी करते हुए रंगीन धागों में खो जाएं।
- यदि आप कलम से दोस्ती कर लेती हैं, तो आप की कलम आप के दिल हाल कहते-कहते एक दिन सुंदर वाक्यों का सृजन करने लगेगी तथा आप ऐसी बातों को भी कलमबद्ध कर लेंगी, जो एक दिन आपके विश्वास और हौंसले को बढ़ाएगी।
- पुस्तकों से दोस्ती करने पर आप को अकेलापन कभी नहीं खलेगा, क्योंकि जो पढऩे का शौंक रखते हैं, उन्हें तो फिर किताबों का साथ ही भाने लगता है, इससे उनके ज्ञान में भी वृद्धि होती रहती है।
- आध्यात्मिक विचारों वाले हैं, तो ईश्वर से दोस्ती कर लें, ताकि मन को शांति मिले और संकट की घड़ी में वह हमारे काम आए।
- अपने आप से दोस्ती करनी बहुत जरूरी है, ताकि जीवन में कोई आपके साथ विश्वासघात ना कर सके।
- अपने माता-पिता को अपना दोस्त मानें, क्योंकि दुनिया में उन से बढ़ कर आपका कोई शुभचिंतक हो ही नहीं सकता।
- अपने गुरु से की गई दोस्ती और उनका मार्गदर्शन आपको भटकने नहीं देगा।
- यदि आप अपने हुनर से दोस्ती कर लेती हैं, तो यह आप को आत्म निर्भर बना देगा तथा बुरा वक्त कभी आने ही नहीं देगा और यदि आया भी तो जल्दी ही गुजर भी जाएगा।
हेमा शर्मा



Comments
Post a Comment