दमके रूप त्यौहारों की रोशनी में
ये तो हर महिला की यह दिली ख्वाहिश रहती है कि जो भी उसे देखे, वही उसकी सुंदरता की तारीफ करे, ऐसे में जब मौसम ही त्यौहारों का आ जाए, तो फिर क्या कहना, क्योंकि इन दिनों में उमंग और खुशियां हर दिल में भरी होती हैं और मन करता है कि आप खुद को एक अलग ही तरह से सजा और संवार लें। इन दिनों में मन यही सोचता है कि मेकअप किस तरह से किया जाए कि हर किसी को आपकी खूबसूरती में एक खास बात नजर आए। ऐसा संभव हो सकता है, यदि आप खास ढंग से अपना मेकअप करें।
क्लींजिंग से शुरूआत
अच्छे मेकअप के लिए त्वचा साफ और निखरी हुई होनी चाहिए, अत: सबसे पहले अपने चेहरे की त्वचा को
क्लींजिंग मिल्क से क्लीन करें। रूई के फाहे में क्लींजिंग मिल्क ले कर अपने चेहरे, गर्दन और उसके पीछे एवं कान के आस-पास की त्वचा को भी अच्छी तरह क्लीन कर लें। क्लींजिंग के बाद स्किन को टोनिंग करना बेहद जरूरी हैं, टोनिंग के लिए किसी अच्छी क्वालिटी का टोनर यूज करें। आप चाहें तो टोनिंग के लिए मलमल के कपड़े में बर्फ डाल कर चेहरे पर मलें, इससे स्किन टोन हो जाएगी और पसीना भी कम आएगा। अब आपकी त्वचा को मॉयश्चर की जरूरत है, सो अच्छी क्वालिटी के मॉयश्चराइजर से अपने चेहरे की हल्के-हल्के मसाज करें। अब आप का चेहरा मेकअप के लिए पूरी तरह से तैयार हो गया है।
मेकअप बेस लगाएं
अच्छे मेकअप के लिए बेस लगाना बेहद जरूरी है, यदि आपकी त्वचा पर कोई दाग या किसी प्रकार के निशान हैं, तो उसे कंसीलर लगा कर कंसील कर लें, यदि आंखों के पास के काले घेरों और पिगमेंटशन को छुपाना हो तो आप एक शेड डार्क कंसीलर लगाएं, फिर टू-वे केक के स्पंज को गीला कर लें और एकसार पूरे चेहरे पर लगाएं।गाल गुलाबी
गुलाबी गाल आपकी खूबसूरती और भी निखारते हैं। ब्लश ऑन चीक बोन पर लगा कर कान की तरफ खींचते हुए लगाएं। त्यौहारों के मौके पर ब्लश ऑन अपनी स्किन के अनुसार पीच या गुलाबी लगा सकती हैं।कजरारे नैन
आंखों का मेकअप यदि आपकी ड्रेस से मैचिंग या कांप्लिमेंटिंग हो,तो अच्छा लगता है, यदि दिन के लिए तैयार होना हो तो शेड थोड़ा लाईट लगाएं। आंखों को आकर्षक दिखाने के लिए त्यौहार के अवसर पर रेड या मेहरून आई शैडो आंखों के नजदीक थोड़ा लाईट और बाहर की ओर थोड़ा डार्क लगा सकती हैं। रात के समय आप चाहें तो इसके ऊपर गोल्डन या सिल्वर कलर के स्पार्कल डस्ट भी लगा सकती हैं, इससे आंखें आकर्षक और बेहद खूबसूरत दिखेंगी। आई ब्रो के नीचे हाई लाइटर लगाएं, शेड्स के अनुसार आप हाई लाइटर गोल्डन या सिल्वर ले सकती हैं।अब बारी आती है आई लाइनर की, आई लाइनर लगाते समय इसकी थोड़ी सी पतली लकीर बाहर की तरफ खींचें। यदि आप चाहती हैं कि आपकी पलकें इतनी खूबसूरत दिखें कि देखने वाले आपको अपलक देखते रह जाएं तो आप दिन के समय मस्कारा का केवल सिंगल कोट लगाएं। यदि आप रात का मेकअप कर रहीं हैं तो मस्कारा का डबल कोट लगाना ही बेहतर रहेगा। एक बात का ध्यान रखें कि मस्कारा वॉटर प्रूफ ही लगाएं, ताकि यह पसीने से फैले नहीं।
यदि आपकी आंखें बड़ी हैं तो आप काजल लगा लें, इससे आंखें प्यारी दिखेंगी। आई ब्रो को सुंदर आकार देने के लिए आप ब्लैक या ब्राउन कलर की आई ब्रो पेंसिल को यूज कर अपनी आई ब्रो को बेहतर शेप दे सकती हैं।
लबों की नजाकत
यदि चेहरे पर गुलाब की पंखुडिय़ों जैसे होंठ हों तो किसी का भी चेहरा मोहक एवं देखने वालों पर जादू सा असर करता है। यदि आप भी चाहती हैं कि आपके होंठ भी ऐसे ही खूबसूरत दिखें, तो सबसे पहले अपने होंठों को लिप लाईनर से सुंदर सी शेप दें और यदि आपके होंठ मोटे हैं तो नैचुरल लाईन से जरा सा अंदर की तरफ लगाएं और यदि पतले हैं तो लिप लाईनर होंठ की नैचुरल लाईन से जरा सा बाहर लगाएं। यदि आप लबों को थोड़ा सेक्सी लुक देना चाहती हैं, तो फिर थोड़ा सा बाहर की ओर लिप लाईनर लगाएं। दिन के समय आप चाहें तो केवल लिप ग्लॉस या लिक्विड लिपस्टिक लगा सकती हैं। रात के समय आप ड्रेस से मैचिंग या कांप्लिमेंटिंग ग्लॉसी लिपस्टिक लगा सकती हैं। लिपस्टिक लगाने के बाद होंठों के बीच टिश्यू पेपर रख कर अतिरिक्त लिपस्टिक निकाल लें और फिर उस पर लिप ग्लॉस लगाएं।सजाएं बिंदिया
माथे पर चांद जैसी दमकती बिंदिया सजी हो तो मेकअप में चार चांद लग जाते हैं। आप कुमकुम से सुंदर सी बिंदी चाहें तो हाथों से या फिर टूथ पिक से भी बना सकती हैं, परंतु कुछ अलग दिखने के लिए आप स्वरौस्की या बाजार में मिलने वाली डिजाइनर बिंदी स्टड लगा सकती हैं।रेशमी जुल्फें
बालों की आप अपनी पसंद के अनुसार चोटी या जूड़ा बना सकती हैं या चाहें तो उन्हें लहराने के लिए खुला भी रख सकती हैं। यदि आप बालों को खुला रखना चाहती हैं तो बालों में सीरम या मूज लगा कर ऊपर की ओर समेट कर क्लिप लगा लें और थोड़ी देर बाद अपने बालों से क्लिप निकाल कर कंघी कर लें, आपके बाल खूबसूरती के साथ लहरा उठेंगे। आप चाहें तो इस अवसर पर कोई भी खूबसूरत हेयर स्टाइल बना सकती हैं।
हेमा शर्मा




Comments
Post a Comment